सुंदरकांड · भाग 8: विभीषण शरणागति
माल्यवंत अति सचिव सयाना । तासु बचन सुनि अति सुख माना ॥
mālyavaṃta ati saciva sayānā । tāsu bacana suni ati sukha mānā ॥
माल्यवान नाम का एक बहुत ही बुद्धिमान मंत्री था। उसने उन (विभीषण) के वचन सुनकर बहुत सुख माना (और कहा:)
Malyavan, a very wise minister, was greatly pleased to hear his words:
तात अनुज तव नीति बिभूषन । सो उर धरहु जो कहत बिभीषन ॥
tāta anuja tava nīti bibhūṣana । so ura dharahu jo kahata bibhīṣana ॥
'हे तात! आपके छोटे भाई नीति विभूषण (नीति को भूषण रूप में धारण करने वाले अर्थात नीतिमान) हैं। विभीषण जो कुछ कह रहे हैं उसे हृदय में धारण कर लीजिए।'
'Dear one, your younger brother is an ornament of good counsel; take to heart what Vibhishan says.'
रिपु उतकरष कहत सठ दोऊ । दूरि न करहु इहाँ हइ कोऊ ॥
ripu utakaraṣa kahata saṭha doū । dūri na karahu ihām̐ ha:i koū ॥
(रावण ने कहा:) 'ये दोनों मूर्ख शत्रु की महिमा बखान रहे हैं। यहाँ कोई है? इन्हें दूर करो न!'
'These two fools are praising the enemy; will no one here remove them?'
माल्यवंत गृह गयउ बहोरी । कहइ बिभीषनु पुनि कर जोरी ॥
mālyavaṃta gṛha gaya:u bahorī । kaha:i bibhīṣanu puni kara jorī ॥
तब माल्यवान तो घर लौट गया और विभीषण जी हाथ जोड़कर फिर कहने लगे:
Then Malyavan went home, and Vibhishan, joining his palms again, said:
सुमति कुमति सब कें उर रहहीं । नाथ पुरान निगम अस कहहीं ॥
sumati kumati saba keṃ ura rahahīṃ । nātha purāna nigama asa kahahīṃ ॥
'हे नाथ! पुराण और वेद ऐसा कहते हैं कि सुबुद्धि (अच्छी बुद्धि) और कुबुद्धि (खोटी बुद्धि) सबके हृदय में रहती हैं,
'Good sense and bad sense dwell in every heart, my lord; so say the Puranas and the Vedas.
जहाँ सुमति तहँ संपति नाना । जहाँ कुमति तहँ बिपति निदाना ॥
jahām̐ sumati taham̐ saṃpati nānā । jahām̐ kumati taham̐ bipati nidānā ॥
जहाँ सुबुद्धि है, वहाँ नाना प्रकार की संपदाएँ (सुख की स्थिति) रहती हैं और जहाँ कुबुद्धि है वहाँ परिणाम में विपत्ति (दुख) रहती है।
Where there is good sense there is wealth of every kind; where there is bad sense, ruin is the end.
तव उर कुमति बसी बिपरीता । हित अनहित मानहु रिपु प्रीता ॥
tava ura kumati basī biparītā । hita anahita mānahu ripu prītā ॥
आपके हृदय में उलटी बुद्धि आ बसी है। इसी से आप हित को अहित और शत्रु को मित्र मान रहे हैं।
Perverse bad sense has settled in your heart, so you take friends for enemies and enemies for friends.
कालराति निसिचर कुल केरी । तेहि सीता पर प्रीति घनेरी ॥
kālarāti nisicara kula kerī । tehi sītā para prīti ghanerī ॥
जो राक्षस कुल के लिए कालरात्रि (के समान) हैं, उन सीता पर आपकी बड़ी प्रीति है।
Your love is great for Sita, who is the night of doom for the demon race.
तात चरन गहि मागउँ राखहु मोर दुलार । सीत देहु राम कहुँ अहित न होइ तुम्हार ॥
tāta carana gahi māga:um̐ rākhahu mora dulāra । sīta dehu rāma kahum̐ ahita na hoi tumhāra ॥
हे तात! मैं चरण पकड़कर आपसे भीख माँगता हूँ (विनती करता हूँ) कि आप मेरा दुलार रखिए (मुझ बालक के आग्रह को स्नेहपूर्वक स्वीकार कीजिए)। श्री राम जी को सीता जी दे दीजिए, जिसमें आपका अहित न हो।'
Brother, I clasp your feet and beg you, keep my love: give Sita back to Ram, and no harm will come to you.'
बुध पुरान श्रुति संमत बानी । कही बिभीषन नीति बखानी ॥
budha purāna śruti saṃmata bānī । kahī bibhīṣana nīti bakhānī ॥
विभीषण ने पंडितों, पुराणों और वेदों द्वारा सम्मत (अनुमोदित) वाणी से नीति बखानकर कही।
Vibhishan set out good counsel in words agreed by the wise, the Puranas and the Vedas.
सुनत दसानन उठा रिसाई । खल तोहि निकट मृत्यु अब आई ॥
sunata dasānana uṭhā risāī । khala tohi nikaṭa mṛtyu aba āī ॥
पर उसे सुनते ही रावण क्रोधित होकर उठा और बोला कि रे दुष्ट! अब मृत्यु तेरे निकट आ गई है!
Hearing it, the ten-faced one rose in anger: 'Wretch, your death has now come near!
जिअसि सदा सठ मोर जिआवा । रिपु कर पच्छ मूढ़ तोहि भावा ॥
jiasi sadā saṭha mora jiāvā । ripu kara paccha mūṙha tohi bhāvā ॥
अरे मूर्ख! तू जीता तो है सदा मेरा जिलाया हुआ (अर्थात मेरे ही अन्न से पल रहा है), पर हे मूढ़! पक्ष तुझे शत्रु का ही अच्छा लगता है।
Fool, you have always lived by my keeping, yet you prefer the enemy's side, idiot.
कहसि न खल अस को जग माहीं । भुज बल जाहि जिता मैं नाही ॥
kahasi na khala asa ko jaga māhīṃ । bhuja bala jāhi jitā maiṃ nāhī ॥
अरे दुष्ट! बता न, जगत में ऐसा कौन है जिसे मैंने अपनी भुजाओं के बल से न जीता हो?
Tell me, wretch, who is there in the world whom I have not conquered by the strength of my arms?
मम पुर बसि तपसिन्ह पर प्रीती । सठ मिलु जाइ तिन्हहि कहु नीती ॥
mama pura basi tapasinha para prītī । saṭha milu jāi tinhahi kahu nītī ॥
मेरे नगर में रहकर प्रेम करता है तपस्वियों पर। मूर्ख! उन्हीं से जा मिल और उन्हीं को नीति बता।'
Living in my city, you love ascetics; fool, go and join them, and preach your good counsel to them.'
अस कहि कीन्हेसि चरन प्रहारा । अनुज गहे पद बारहिं बारा ॥
asa kahi kīnhesi carana prahārā । anuja gahe pada bārahiṃ bārā ॥
ऐसा कहकर रावण ने उन्हें लात मारी, परंतु छोटे भाई विभीषण ने (मारने पर भी) बार-बार उसके चरण ही पकड़े।
Saying this he kicked him; the younger brother clasped his feet again and again.
उमा संत कइ इहइ बड़ाई । मंद करत जो करइ भलाई ॥
umā saṃta ka:i iha:i baṙāī । maṃda karata jo kara:i bhalāī ॥
(शिव जी कहते हैं:) हे उमा! संत की यही बड़ाई (महिमा) है कि वे बुराई करने पर भी (बुराई करने वाले की) भलाई ही करते हैं।
(Shiva says:) Uma, this is the greatness of a saint: he does good to the one who does him wrong.
तुम्ह पितु सरिस भलेहिं मोहि मारा । रामु भजें हित नाथ तुम्हारा ॥
tumha pitu sarisa bhalehiṃ mohi mārā । rāmu bhajeṃ hita nātha tumhārā ॥
(विभीषण जी ने कहा:) 'आप मेरे पिता के समान हैं, मुझे मारा सो तो अच्छा ही किया, परंतु हे नाथ! आपका भला श्री राम जी को भजने में ही है।'
'You are like a father to me; it is well that you struck me. But, my lord, your good lies in worshipping Ram.'
सचिव संग लै नभ पथ गयऊ । सबहि सुनाइ कहत अस भयऊ ॥
saciva saṃga lai nabha patha gaya:ū । sabahi sunāi kahata asa bhaya:ū ॥
(इतना कहकर) विभीषण अपने मंत्रियों को साथ लेकर आकाश मार्ग में गए और सबको सुनाकर वे ऐसा कहने लगे:
Taking his ministers with him, he went by the path of the sky, and said this so that all could hear:
रामु सत्यसंकल्प प्रभु सभा कालबस तोरि । मै रघुबीर सरन अब जाउँ देहु जनि खोरि ॥
rāmu satyasaṃkalpa prabhu sabhā kālabasa tori । mai raghubīra sarana aba jāum̐ dehu jani khori ॥
'श्री राम जी सत्य संकल्प एवं (सर्वसमर्थ) प्रभु हैं और (हे रावण) तुम्हारी सभा काल के वश है। अतः मैं अब श्री रघुवीर की शरण जाता हूँ, मुझे दोष न देना।'
'Ram is the Lord, true to his resolve, and your court is in the grip of Death. I am going now to Raghubir for refuge; do not blame me.'
अस कहि चला बिभीषनु जबहीं । आयूहीन भए सब तबहीं ॥
asa kahi calā bibhīṣanu jabahīṃ । āyūhīna bhae saba tabahīṃ ॥
ऐसा कहकर विभीषण जी ज्यों ही चले, त्यों ही सब राक्षस आयुहीन हो गए (उनकी मृत्यु निश्चित हो गई)।
As soon as Vibhishan left, saying this, they all lost their life-span.
साधु अवग्या तुरत भवानी । कर कल्यान अखिल कै हानी ॥
sādhu avagyā turata bhavānī । kara kalyāna akhila kai hānī ॥
(शिव जी कहते हैं:) हे भवानी! साधु का अपमान तुरंत ही संपूर्ण कल्याण की हानि (नाश) कर देता है।
(Shiva says:) Bhavani, insulting a holy man at once destroys all one's good.
रावन जबहिं बिभीषन त्यागा । भयउ बिभव बिनु तबहिं अभागा ॥
rāvana jabahiṃ bibhīṣana tyāgā । bhaya:u bibhava binu tabahiṃ abhāgā ॥
रावण ने जिस क्षण विभीषण को त्यागा, उसी क्षण वह अभागा वैभव (ऐश्वर्य) से हीन हो गया।
The moment Ravan abandoned Vibhishan, the ill-fated one lost his glory.
चलेउ हरषि रघुनायक पाहीं । करत मनोरथ बहु मन माहीं ॥
caleu haraṣi raghunāyaka pāhīṃ । karata manoratha bahu mana māhīṃ ॥
विभीषण जी हर्षित होकर मन में अनेकों मनोरथ करते हुए श्री रघुनाथ जी के पास चले।
He went joyfully to Raghunayak, with many hopes in his mind:
देखिहउँ जाइ चरन जलजाता । अरुन मृदुल सेवक सुखदाता ॥
dekhiha:um̐ jāi carana jalajātā । aruna mṛdula sevaka sukhadātā ॥
(वे सोचते जाते थे:) 'मैं जाकर भगवान के कोमल और लाल वर्ण के सुंदर चरण कमलों के दर्शन करूँगा, जो सेवकों को सुख देने वाले हैं,
'I will go and see his lotus feet, red and tender, which give joy to his servants;
जे पद परसि तरी रिषिनारी । दंडक कानन पावनकारी ॥
je pada parasi tarī riṣinārī । daṃḍaka kānana pāvanakārī ॥
जिन चरणों का स्पर्श पाकर ऋषि पत्नी अहल्या तर गईं और जो दंडकवन को पवित्र करने वाले हैं,
the feet by whose touch the sage's wife was saved, which purified the Dandaka forest;
जे पद जनकसुताँ उर लाए । कपट कुरंग संग धर धाए ॥
je pada janakasutām̐ ura lāe । kapaṭa kuraṃga saṃga dhara dhāe ॥
जिन चरणों को जानकी जी ने हृदय में धारण कर रखा है, जो कपटमृग के साथ पृथ्वी पर (उसे पकड़ने को) दौड़े थे
the feet that Janak's daughter held to her heart, that ran after the false deer;
हर उर सर सरोज पद जेई । अहोभाग्य मै देखिहउँ तेई ॥
hara ura sara saroja pada jeī । ahobhāgya mai dekhiha:um̐ teī ॥
और जो चरणकमल साक्षात शिव जी के हृदय रूपी सरोवर में विराजते हैं, मेरा अहोभाग्य है कि उन्हीं को आज मैं देखूँगा।
the feet that are lotuses in the lake of Shiva's heart - how fortunate I am, I shall see them!
जिन्ह पायन्ह के पादुकन्हि भरतु रहे मन लाइ । ते पद आजु बिलोकिहउँ इन्ह नयनन्हि अब जाइ ॥
jinha pāyanha ke pādukanhi bharatu rahe mana lāi । te pada āju bilokiha:um̐ inha nayananhi aba jāi ॥
जिन चरणों की पादुकाओं में भरत जी ने अपना मन लगा रखा है, अहा! आज मैं उन्हीं चरणों को अभी जाकर इन नेत्रों से देखूँगा।'
The feet whose sandals Bharat keeps his mind upon - those feet I shall see today with these eyes, going now.'
एहि बिधि करत सप्रेम बिचारा । आयउ सपदि सिंधु एहिं पारा ॥
ehi bidhi karata saprema bicārā । āya:u sapadi siṃdhu ehiṃ pārā ॥
इस प्रकार प्रेम सहित विचार करते हुए वे शीघ्र ही समुद्र के इस पार (जिधर श्री रामचंद्र जी की सेना थी) आ गए।
Thinking thus with love, he quickly came to this side of the sea.
कपिन्ह बिभीषनु आवत देखा । जाना कोउ रिपु दूत बिसेषा ॥
kapinha bibhīṣanu āvata dekhā । jānā kou ripu dūta biseṣā ॥
वानरों ने विभीषण को आते देखा तो उन्होंने जाना कि शत्रु का कोई खास दूत है।
The monkeys saw Vibhishan coming and took him for some important enemy messenger.
ताहि राखि कपीस पहिं आए । समाचार सब ताहि सुनाए ॥
tāhi rākhi kapīsa pahiṃ āe । samācāra saba tāhi sunāe ॥
उन्हें (पहरे पर) ठहराकर वे सुग्रीव के पास आए और उनको सब समाचार कह सुनाए।
Keeping him there, they came to the monkey king and told him all the news.
कह सुग्रीव सुनहु रघुराई । आवा मिलन दसानन भाई ॥
kaha sugrīva sunahu raghurāī । āvā milana dasānana bhāī ॥
सुग्रीव ने (श्री राम जी के पास जाकर) कहा: 'हे रघुनाथ जी! सुनिए, रावण का भाई (आप से) मिलने आया है।'
Sugriva said: 'Listen, Raghurai: the ten-faced one's brother has come to meet you.'
कह प्रभु सखा बूझिऐ काहा । कहइ कपीस सुनहु नरनाहा ॥
kaha prabhu sakhā būjhiai kāhā । kaha:i kapīsa sunahu naranāhā ॥
प्रभु श्री राम जी ने कहा: 'हे मित्र! तुम क्या समझते हो (तुम्हारी क्या राय है)?' वानरराज सुग्रीव ने कहा: 'हे महाराज! सुनिए:
The Lord said: 'Friend, what do you think?' The monkey king said: 'Listen, king of men:
जानि न जाइ निसाचर माया । कामरूप केहि कारन आया ॥
jāni na jāi nisācara māyā । kāmarūpa kehi kārana āyā ॥
राक्षसों की माया जानी नहीं जाती। यह इच्छानुसार रूप बदलने वाला (छली) न जाने किस कारण आया है।
the magic of demons cannot be known; he can take any form - why has he come?
भेद हमार लेन सठ आवा । राखिअ बाँधि मोहि अस भावा ॥
bheda hamāra lena saṭha āvā । rākhia bām̐dhi mohi asa bhāvā ॥
(जान पड़ता है) यह मूर्ख हमारा भेद लेने आया है, इसलिए मुझे तो यही अच्छा लगता है कि इसे बाँध रखा जाए।'
The fool has come to learn our secrets; I think he should be kept bound.'
सखा नीति तुम्ह नीकि बिचारी । मम पन सरनागत भयहारी ॥
sakhā nīti tumha nīki bicārī । mama pana saranāgata bhayahārī ॥
(श्री राम जी ने कहा:) 'हे मित्र! तुमने नीति तो अच्छी विचारी, परंतु मेरा प्रण तो है शरणागत के भय को हर लेना!'
'Friend, you have judged policy well; but my vow is to remove the fear of those who come for refuge.'
सुनि प्रभु बचन हरष हनुमाना । सरनागत बच्छल भगवाना ॥
suni prabhu bacana haraṣa hanumānā । saranāgata bacchala bhagavānā ॥
प्रभु के वचन सुनकर हनुमान जी हर्षित हुए (और मन ही मन कहने लगे कि) भगवान कैसे शरणागतवत्सल (शरण में आए हुए पर पिता की भाँति प्रेम करने वाले) हैं।
Hearing the Lord's words Hanuman rejoiced: the Lord is loving to those who come for refuge.
सरनागत कहुँ जे तजहिं निज अनहित अनुमानि । ते नर पावँर पापमय तिन्हहि बिलोकत हानि ॥
saranāgata kahum̐ je tajahiṃ nija anahita anumāni । te nara pāvam̐ra pāpamaya tinhahi bilokata hāni ॥
(श्री राम जी फिर बोले:) 'जो मनुष्य अपने अहित का अनुमान करके शरण में आए हुए का त्याग कर देते हैं, वे पामर (क्षुद्र) हैं, पापमय हैं, उन्हें देखने में भी हानि है (पाप लगता है)।
'Those who abandon one who comes for refuge, fearing harm to themselves, are vile and full of sin; even to look at them is harmful.
कोटि बिप्र बध लागहिं जाहू । आएँ सरन तजउँ नहिं ताहू ॥
koṭi bipra badha lāgahiṃ jāhū । āem̐ sarana taja:um̐ nahiṃ tāhū ॥
जिसे करोड़ों ब्राह्मणों की हत्या लगी हो, शरण में आने पर मैं उसे भी नहीं त्यागता।
Even one guilty of killing ten million brahmins, if he comes for refuge, I do not abandon.
सनमुख होइ जीव मोहि जबहीं । जन्म कोटि अघ नासहिं तबहीं ॥
sanamukha hoi jīva mohi jabahīṃ । janma koṭi agha nāsahiṃ tabahīṃ ॥
जीव ज्यों ही मेरे सम्मुख होता है, त्यों ही उसके करोड़ों जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं।
The moment a being turns to face me, the sins of ten million births are destroyed.
पापवंत कर सहज सुभाऊ । भजनु मोर तेहि भाव न काऊ ॥
pāpavaṃta kara sahaja subhāū । bhajanu mora tehi bhāva na kāū ॥
पापी का यह सहज स्वभाव होता है कि मेरा भजन उसे कभी नहीं सुहाता।
It is the very nature of a sinner that worship of me never appeals to him.
जौं पै दुष्टहृदय सोइ होई । मोरें सनमुख आव कि सोई ॥
jauṃ pai duṣṭahṛdaya soi hoī । moreṃ sanamukha āva ki soī ॥
यदि वह (रावण का भाई) निश्चय ही दुष्ट हृदय का होता तो क्या वह मेरे सम्मुख आ सकता था?
If he were wicked at heart, would he come before me?
निर्मल मन जन सो मोहि पावा । मोहि कपट छल छिद्र न भावा ॥
nirmala mana jana so mohi pāvā । mohi kapaṭa chala chidra na bhāvā ॥
जो मनुष्य निर्मल मन का होता है, वही मुझे पाता है। मुझे कपट और छल-छिद्र नहीं सुहाते।
Only one of pure mind finds me; I do not like deceit, tricks and faults.
भेद लेन पठवा दससीसा । तबहुँ न कछु भय हानि कपीसा ॥
bheda lena paṭhavā dasasīsā । tabahum̐ na kachu bhaya hāni kapīsā ॥
यदि उसे रावण ने भेद लेने को भेजा है, तब भी हे सुग्रीव! अपने को कुछ भी भय या हानि नहीं है।
Even if the ten-headed one sent him to learn our secrets, monkey king, there is still no fear or harm.
जग महुँ सखा निसाचर जेते । लछिमनु हनइ निमिष महुँ तेते ॥
jaga mahum̐ sakhā nisācara jete । lachimanu hana:i nimiṣa mahum̐ tete ॥
क्योंकि हे सखे! जगत में जितने भी राक्षस हैं, लक्ष्मण क्षणभर में उन सबको मार सकते हैं।
For, friend, all the demons there are in the world, Lakshman can kill in an instant.
जौं सभीत आवा सरनाई । रखिहउँ ताहि प्रान की नाई ॥
jauṃ sabhīta āvā saranāī । rakhiha:um̐ tāhi prāna kī nāī ॥
और यदि वह भयभीत होकर मेरी शरण आया है तो मैं तो उसे प्राणों की तरह रखूँगा।'
And if he has come in fear seeking refuge, I will keep him as dear as life.'
उभय भाँति तेहि आनहु हँसि कह कृपानिकेत । जय कृपाल कहि कपि चले अंगद हनू समेत ॥
ubhaya bhām̐ti tehi ānahu ham̐si kaha kṛpāniketa । jaya kṛpāla kahi kapi cale aṃgada hanū sameta ॥
कृपा के धाम श्री राम जी ने हँसकर कहा: 'दोनों ही स्थितियों में उसे ले आओ।' तब अंगद और हनुमान सहित सुग्रीव जी 'कृपालु श्री राम जी की जय हो' कहते हुए चले।
'Either way, bring him,' said the abode of mercy, laughing; crying 'Victory to the merciful one!', the monkeys went, with Angad and Hanuman.
सादर तेहि आगें करि बानर । चले जहाँ रघुपति करुनाकर ॥
sādara tehi āgeṃ kari bānara । cale jahām̐ raghupati karunākara ॥
विभीषण जी को आदर सहित आगे करके वानर फिर वहाँ चले, जहाँ करुणा की खान श्री रघुनाथ जी थे।
Respectfully putting him in front, the monkeys went to where Raghupati, the source of compassion, was.
दूरिहि ते देखे द्वौ भ्राता । नयनानंद दान के दाता ॥
dūrihi te dekhe dvau bhrātā । nayanānaṃda dāna ke dātā ॥
नेत्रों को आनंद का दान देने वाले (अत्यंत सुखद) दोनों भाइयों को विभीषण जी ने दूर ही से देखा।
From afar he saw the two brothers, who give joy to the eyes.
बहुरि राम छबिधाम बिलोकी । रहेउ ठटुकि एकटक पल रोकी ॥
bahuri rāma chabidhāma bilokī । raheu ṭhaṭuki ekaṭaka pala rokī ॥
फिर शोभा के धाम श्री राम जी को देखकर वे पलक (मारना) रोककर ठिठककर (स्तब्ध होकर) एकटक देखते ही रह गए।
Then, looking at Ram, the home of beauty, he stopped short and gazed without blinking.
भुज प्रलंब कंजारुन लोचन । स्यामल गात प्रनत भय मोचन ॥
bhuja pralaṃba kaṃjāruna locana । syāmala gāta pranata bhaya mocana ॥
भगवान की विशाल भुजाएँ हैं, लाल कमल के समान नेत्र हैं और शरणागत के भय का नाश करने वाला साँवला शरीर है।
Long arms, eyes like red lotuses, a dark body that frees those who bow from fear;
सिंघ कंध आयत उर सोहा । आनन अमित मदन मन मोहा ॥
siṃgha kaṃdha āyata ura sohā । ānana amita madana mana mohā ॥
सिंह के से कंधे हैं, विशाल वक्षःस्थल (चौड़ी छाती) अत्यंत शोभा दे रहा है। असंख्य कामदेवों के मन को मोहित करने वाला मुख है।
lion-like shoulders, a broad chest, and a face that charms the mind of countless Kamadevas.
नयन नीर पुलकित अति गाता । मन धरि धीर कही मृदु बाता ॥
nayana nīra pulakita ati gātā । mana dhari dhīra kahī mṛdu bātā ॥
भगवान के स्वरूप को देखकर विभीषण जी के नेत्रों में (प्रेमाश्रुओं का) जल भर आया और शरीर अत्यंत पुलकित हो गया। फिर मन में धीरज धरकर उन्होंने कोमल वचन कहे:
Tears in his eyes and his body thrilling, he steadied his mind and spoke gently:
नाथ दसानन कर मैं भ्राता । निसिचर बंस जनम सुरत्राता ॥
nātha dasānana kara maiṃ bhrātā । nisicara baṃsa janama suratrātā ॥
'हे नाथ! मैं दशमुख रावण का भाई हूँ। हे देवताओं के रक्षक! मेरा जन्म राक्षस कुल में हुआ है।
'Lord, I am the ten-faced one's brother; O protector of the gods, I was born in the demon race.
सहज पापप्रिय तामस देहा । जथा उलूकहि तम पर नेहा ॥
sahaja pāpapriya tāmasa dehā । jathā ulūkahi tama para nehā ॥
मेरा तामसी (तमोगुण प्रधान) शरीर है, स्वभाव से ही मुझे पाप प्रिय हैं, जैसे उल्लू को अंधकार पर सहज स्नेह होता है।
My body is of a dark nature that naturally loves sin, as the owl loves darkness.
श्रवन सुजसु सुनि आयउँ प्रभु भंजन भव भीर । त्राहि त्राहि आरति हरन सरन सुखद रघुबीर ॥
śravana sujasu suni āya:um̐ prabhu bhaṃjana bhava bhīra । trāhi trāhi ārati harana sarana sukhada raghubīra ॥
मैं कानों से आपका सुयश सुनकर आया हूँ कि प्रभु भव (जन्म-मरण) के भय का नाश करने वाले हैं। हे दुखियों के दुख दूर करने वाले और शरणागत को सुख देने वाले श्री रघुवीर! मेरी रक्षा कीजिए, रक्षा कीजिए।'
Hearing your fair fame with my own ears I have come, Lord, you who break the fear of worldly existence; save me, save me, Raghubir, remover of suffering, giver of joy to those who seek refuge.'
अस कहि करत दंडवत देखा । तुरत उठे प्रभु हरष बिसेषा ॥
asa kahi karata daṃḍavata dekhā । turata uṭhe prabhu haraṣa biseṣā ॥
प्रभु ने उन्हें ऐसा कहकर दंडवत करते देखा तो वे अत्यंत हर्षित होकर तुरंत उठे।
When the Lord saw him say this and prostrate himself, he rose at once in great joy.
दीन बचन सुनि प्रभु मन भावा । भुज बिसाल गहि हृदयँ लगावा ॥
dīna bacana suni prabhu mana bhāvā । bhuja bisāla gahi hṛdayam̐ lagāvā ॥
विभीषण जी के दीन वचन सुनने पर प्रभु के मन को बहुत ही भाए। उन्होंने अपनी विशाल भुजाओं से पकड़कर उनको हृदय से लगा लिया।
Hearing his humble words the Lord was pleased, and holding him in his long arms pressed him to his heart.
अनुज सहित मिलि ढिग बैठारी । बोले बचन भगत भयहारी ॥
anuja sahita mili ḍhiga baiṭhārī । bole bacana bhagata bhayahārī ॥
छोटे भाई लक्ष्मण जी सहित गले मिलकर उनको अपने पास बैठाकर श्री राम जी भक्तों के भय को हरने वाले वचन बोले:
With his younger brother he embraced him and seated him close; then he who removes his devotees' fear spoke:
कहु लंकेस सहित परिवारा । कुसल कुठाहर बास तुम्हारा ॥
kahu laṃkesa sahita parivārā । kusala kuṭhāhara bāsa tumhārā ॥
'हे लंकेश! परिवार सहित अपनी कुशल कहो। तुम्हारा निवास बुरी जगह पर है।
'Tell me, lord of Lanka, of your welfare and your family's; you live in a bad place.
खल मंडलीं बसहु दिनु राती । सखा धरम निबहइ केहि भाँती ॥
khala maṃḍalīṃ basahu dinu rātī । sakhā dharama nibaha:i kehi bhām̐tī ॥
दिन-रात दुष्टों की मंडली में बसते हो। (ऐसी दशा में) हे सखे! तुम्हारा धर्म किस प्रकार निभता है?
Living day and night among the wicked, friend, how do you keep to dharma?
मैं जानउँ तुम्हारि सब रीती । अति नय निपुन न भाव अनीती ॥
maiṃ jāna:um̐ tumhāri saba rītī । ati naya nipuna na bhāva anītī ॥
मैं तुम्हारी सब रीति (आचार-व्यवहार) जानता हूँ। तुम अत्यंत नीतिनिपुण हो, तुम्हें अनीति नहीं सुहाती।
I know all your ways: you are very skilled in right conduct and do not like wrong.
बरु भल बास नरक कर ताता । दुष्ट संग जनि देइ बिधाता ॥
baru bhala bāsa naraka kara tātā । duṣṭa saṃga jani dei bidhātā ॥
हे तात! नरक में रहना वरन अच्छा है, परंतु विधाता दुष्ट का संग (कभी) न दे।'
Dear one, it is better to live in hell than for fate to give the company of the wicked.'
अब पद देखि कुसल रघुराया । जौं तुम्ह कीन्ह जानि जन दाया ॥
aba pada dekhi kusala raghurāyā । jauṃ tumha kīnha jāni jana dāyā ॥
(विभीषण जी ने कहा:) 'हे रघुनाथ जी! अब आपके चरणों का दर्शन कर कुशल से हूँ, जो आपने अपना सेवक जानकर मुझ पर दया की है।
'Raghurai, now that I see your feet I am well, since you have shown me mercy, knowing me as your own.
तब लगि कुसल न जीव कहुँ सपनेहुँ मन बिश्राम । जब लगि भजत न राम कहुँ सोक धाम तजि काम ॥
taba lagi kusala na jīva kahum̐ sapanehum̐ mana biśrāma । jaba lagi bhajata na rāma kahum̐ soka dhāma taji kāma ॥
तब तक जीव की कुशल नहीं और न स्वप्न में भी उसके मन को शांति है, जब तक वह शोक के घर काम (विषय-कामना) को छोड़कर श्री राम जी को नहीं भजता।
A being has no welfare, not even peace of mind in a dream, as long as he does not give up desire, the home of grief, and worship Ram.
तब लगि हृदयँ बसत खल नाना । लोभ मोह मच्छर मद माना ॥
taba lagi hṛdayam̐ basata khala nānā । lobha moha macchara mada mānā ॥
लोभ, मोह, मत्सर (डाह), मद और मान आदि अनेकों दुष्ट तभी तक हृदय में बसते हैं,
So long the many villains live in the heart - greed, delusion, envy, arrogance and pride -
जब लगि उर न बसत रघुनाथा । धरें चाप सायक कटि भाथा ॥
jaba lagi ura na basata raghunāthā । dhareṃ cāpa sāyaka kaṭi bhāthā ॥
जब तक कि धनुष-बाण और कमर में तरकस धारण किए हुए श्री रघुनाथ जी हृदय में नहीं बसते।
as long as Raghunath does not dwell there, with bow and arrows and quiver at his waist.
ममता तरुन तमी अँधिआरी । राग द्वेष उलूक सुखकारी ॥
mamatā taruna tamī am̐dhiārī । rāga dveṣa ulūka sukhakārī ॥
ममता पूर्ण अँधेरी रात है, जो राग-द्वेष रूपी उल्लुओं को सुख देने वाली है।
Attachment is a dark midnight that gives joy to the owls of love and hate;
तब लगि बसति जीव मन माहीं । जब लगि प्रभु प्रताप रबि नाहीं ॥
taba lagi basati jīva mana māhīṃ । jaba lagi prabhu pratāpa rabi nāhīṃ ॥
वह (ममता रूपी रात्रि) तभी तक जीव के मन में बसती है, जब तक प्रभु (आप) का प्रताप रूपी सूर्य उदय नहीं होता।
it stays in a being's mind only until the sun of the Lord's glory rises.
अब मैं कुसल मिटे भय भारे । देखि राम पद कमल तुम्हारे ॥
aba maiṃ kusala miṭe bhaya bhāre । dekhi rāma pada kamala tumhāre ॥
हे श्री राम जी! आपके चरणारविंद के दर्शन कर अब मैं कुशल से हूँ, मेरे भारी भय मिट गए।
Now I am well and my great fears are gone, Ram, having seen your lotus feet.
तुम्ह कृपाल जा पर अनुकूला । ताहि न ब्याप त्रिबिध भव सूला ॥
tumha kṛpāla jā para anukūlā । tāhi na byāpa tribidha bhava sūlā ॥
हे कृपालु! आप जिस पर अनुकूल होते हैं, उसे तीनों प्रकार के भवशूल (आध्यात्मिक, आधिदैविक और आधिभौतिक ताप) नहीं व्यापते।
O kind one, he to whom you are favourable is not touched by the three kinds of worldly pain.
मैं निसिचर अति अधम सुभाऊ । सुभ आचरनु कीन्ह नहिं काऊ ॥
maiṃ nisicara ati adhama subhāū । subha ācaranu kīnha nahiṃ kāū ॥
मैं अत्यंत नीच स्वभाव का राक्षस हूँ। मैंने कभी शुभ आचरण नहीं किया।
I am a demon, of very low nature; I have never done a good deed.
जासु रूप मुनि ध्यान न आवा । तेहिं प्रभु हरषि हृदयँ मोहि लावा ॥
jāsu rūpa muni dhyāna na āvā । tehiṃ prabhu haraṣi hṛdayam̐ mohi lāvā ॥
जिनका रूप मुनियों के भी ध्यान में नहीं आता, उन प्रभु ने स्वयं हर्षित होकर मुझे हृदय से लगा लिया।
The Lord whose form does not come even to the meditation of sages has joyfully pressed me to his heart.
अहोभाग्य मम अमित अति राम कृपा सुख पुंज । देखेउँ नयन बिरंचि सिब सेब्य जुगल पद कंज ॥
ahobhāgya mama amita ati rāma kṛpā sukha puṃja । dekheum̐ nayana biraṃci siba sebya jugala pada kaṃja ॥
हे कृपा और सुख के पुंज श्री राम जी! मेरा अत्यंत असीम सौभाग्य है, जो मैंने ब्रह्मा और शिव जी के द्वारा सेवित युगल चरण कमलों को अपने नेत्रों से देखा।'
Boundless is my good fortune, O Ram, heap of grace and joy: with my own eyes I have seen the two lotus feet that Brahma and Shiva serve.'
सुनहु सखा निज कहउँ सुभाऊ । जान भुसुंडि संभु गिरिजाऊ ॥
sunahu sakhā nija kaha:um̐ subhāū । jāna bhusuṃḍi saṃbhu girijāū ॥
(श्री राम जी ने कहा:) 'हे सखा! सुनो, मैं तुम्हें अपना स्वभाव कहता हूँ, जिसे काकभुशुण्डि, शिव जी और पार्वती जी भी जानती हैं।
'Listen, friend, I tell you my nature, which Bhushundi, Shambhu and Girija know:
जौं नर होइ चराचर द्रोही । आवे सभय सरन तकि मोही ॥
jauṃ nara hoi carācara drohī । āve sabhaya sarana taki mohī ॥
कोई मनुष्य (संपूर्ण) जड़-चेतन जगत का द्रोही हो, यदि वह भी भयभीत होकर मेरी शरण तककर आ जाए,
if a man who is the enemy of all that moves and does not move comes to me in fear, seeking refuge,
तजि मद मोह कपट छल नाना । करउँ सद्य तेहि साधु समाना ॥
taji mada moha kapaṭa chala nānā । kara:um̐ sadya tehi sādhu samānā ॥
और मद, मोह तथा नाना प्रकार के छल-कपट त्याग दे तो मैं उसे बहुत शीघ्र साधु के समान कर देता हूँ।
and gives up pride, delusion, deceit and every trick, I at once make him like a saint.
जननी जनक बंधु सुत दारा । तनु धनु भवन सुह्रद परिवारा ॥
jananī janaka baṃdhu suta dārā । tanu dhanu bhavana suhrada parivārā ॥
माता, पिता, भाई, पुत्र, स्त्री, शरीर, धन, घर, मित्र और परिवार -
Mother, father, brother, son, wife, body, wealth, house, friends and family -
सब कै ममता ताग बटोरी । मम पद मनहि बाँध बरि डोरी ॥
saba kai mamatā tāga baṭorī । mama pada manahi bām̐dha bari ḍorī ॥
इन सबके ममत्व रूपी तागों को बटोरकर और उन सबकी एक डोरी बटकर उसके द्वारा जो अपने मन को मेरे चरणों में बाँध देता है;
whoever gathers the threads of attachment to them all, twists them into a cord and binds his mind to my feet;
समदरसी इच्छा कछु नाहीं । हरष सोक भय नहिं मन माहीं ॥
samadarasī icchā kachu nāhīṃ । haraṣa soka bhaya nahiṃ mana māhīṃ ॥
(सारे सांसारिक संबंधों का केंद्र मुझे बना लेता है), जो समदर्शी है, जिसे कुछ इच्छा नहीं है और जिसके मन में हर्ष, शोक और भय नहीं है,
who sees all equally, has no desires, and has no joy, grief or fear in his mind -
अस सज्जन मम उर बस कैसें । लोभी हृदयँ बसइ धनु जैसें ॥
asa sajjana mama ura basa kaiseṃ । lobhī hṛdayam̐ basa:i dhanu jaiseṃ ॥
ऐसा सज्जन मेरे हृदय में कैसे बसता है, जैसे लोभी के हृदय में धन बसा करता है।
such a good man lives in my heart as wealth lives in the heart of a greedy man.
तुम्ह सारिखे संत प्रिय मोरें । धरउँ देह नहिं आन निहोरें ॥
tumha sārikhe saṃta priya moreṃ । dhara:um̐ deha nahiṃ āna nihoreṃ ॥
तुम सरीखे संत ही मुझे प्रिय हैं। मैं और किसी के निहोरे से (कृतज्ञतावश) देह धारण नहीं करता।
Saints like you are dear to me; I take a body for no other reason.
सगुन उपासक परहित निरत नीति दृढ़ नेम । ते नर प्रान समान मम जिन्ह कें द्विज पद प्रेम ॥
saguna upāsaka parahita nirata nīti dṛṙha nema । te nara prāna samāna mama jinha keṃ dvija pada prema ॥
जो सगुण (साकार) भगवान के उपासक हैं, दूसरे के हित में लगे रहते हैं, नीति और नियमों में दृढ़ हैं और जिन्हें ब्राह्मणों के चरणों में प्रेम है, वे मनुष्य मेरे प्राणों के समान हैं।
Those who worship me with form, are devoted to others' good, firm in right conduct and discipline, and love the feet of the twice-born - such people are as dear to me as life.
सुनु लंकेस सकल गुन तोरें । तातें तुम्ह अतिसय प्रिय मोरें ॥
sunu laṃkesa sakala guna toreṃ । tāteṃ tumha atisaya priya moreṃ ॥
हे लंकापति! सुनो, तुम्हारे अंदर उपर्युक्त सब गुण हैं। इससे तुम मुझे अत्यंत ही प्रिय हो।'
Listen, lord of Lanka: you have all these virtues, and so you are very dear to me.'
राम बचन सुनि बानर जूथा । सकल कहहिं जय कृपा बरूथा ॥
rāma bacana suni bānara jūthā । sakala kahahiṃ jaya kṛpā barūthā ॥
श्री राम जी के वचन सुनकर सब वानरों के समूह कहने लगे: 'कृपा के समूह श्री राम जी की जय हो!'
Hearing Ram's words, the monkey hosts all said: 'Victory to the abode of grace!'
सुनत बिभीषनु प्रभु कै बानी । नहिं अघात श्रवनामृत जानी ॥
sunata bibhīṣanu prabhu kai bānī । nahiṃ aghāta śravanāmṛta jānī ॥
प्रभु की वाणी सुनते हैं और उसे कानों के लिए अमृत जानकर विभीषण जी अघाते नहीं हैं।
Hearing the Lord's words, nectar to his ears, Vibhishan could not have enough of them.
पद अंबुज गहि बारहिं बारा । हृदयँ समात न प्रेमु अपारा ॥
pada aṃbuja gahi bārahiṃ bārā । hṛdayam̐ samāta na premu apārā ॥
वे बार-बार श्री राम जी के चरण कमलों को पकड़ते हैं, अपार प्रेम है, हृदय में समाता नहीं है।
He clasped his lotus feet again and again; his boundless love could not be contained in his heart.
सुनहु देव सचराचर स्वामी । प्रनतपाल उर अंतरजामी ॥
sunahu deva sacarācara svāmī । pranatapāla ura aṃtarajāmī ॥
(विभीषण जी ने कहा:) 'हे देव! हे चराचर जगत के स्वामी! हे शरणागत के रक्षक! हे सबके हृदय के भीतर की जानने वाले! सुनिए,
'Listen, Lord, master of all that moves and does not move, protector of those who bow, who dwells within every heart:
उर कछु प्रथम बासना रही । प्रभु पद प्रीति सरित सो बही ॥
ura kachu prathama bāsanā rahī । prabhu pada prīti sarita so bahī ॥
मेरे हृदय में पहले कुछ वासना थी। वह प्रभु के चरणों की प्रीति रूपी नदी में बह गई।
there was some desire in my heart before, but it has been swept away by the river of love for the Lord's feet.
अब कृपाल निज भगति पावनी । देहु सदा सिव मन भावनी ॥
aba kṛpāla nija bhagati pāvanī । dehu sadā siva mana bhāvanī ॥
अब तो हे कृपालु! शिव जी के मन को सदैव प्रिय लगने वाली अपनी पवित्र भक्ति मुझे दीजिए।'
Now, kind one, give me your purifying devotion, which always delights Shiva's mind.'
एवमस्तु कहि प्रभु रनधीरा । मागा तुरत सिंधु कर नीरा ॥
evamastu kahi prabhu ranadhīrā । māgā turata siṃdhu kara nīrā ॥
'एवमस्तु' (ऐसा ही हो) कहकर रणधीर प्रभु श्री राम जी ने तुरंत ही समुद्र का जल माँगा।
Saying 'So be it', the Lord, steadfast in battle, at once asked for water from the sea:
जदपि सखा तव इच्छा नाहीं । मोर दरसु अमोघ जग माहीं ॥
jadapi sakhā tava icchā nāhīṃ । mora darasu amogha jaga māhīṃ ॥
(और कहा:) 'हे सखा! यद्यपि तुम्हारी इच्छा नहीं है, पर जगत में मेरा दर्शन अमोघ है (वह निष्फल नहीं जाता)।'
'Friend, though you have no such desire, sight of me is never fruitless in the world.'
अस कहि राम तिलक तेहि सारा । सुमन बृष्टि नभ भई अपारा ॥
asa kahi rāma tilaka tehi sārā । sumana bṛṣṭi nabha bha:ī apārā ॥
ऐसा कहकर श्री राम जी ने उनको राजतिलक कर दिया। आकाश से पुष्पों की अपार वृष्टि हुई।
Saying this, Ram marked his forehead with the royal tilak, and a boundless rain of flowers fell from the sky.
रावन क्रोध अनल निज स्वास समीर प्रचंड । जरत बिभीषनु राखेउ दीन्हेहु राजु अखंड ॥
rāvana krodha anala nija svāsa samīra pracaṃḍa । jarata bibhīṣanu rākheu dīnhehu rāju akhaṃḍa ॥
श्री राम जी ने रावण की क्रोध रूपी अग्नि में, जो अपनी (विभीषण की) श्वास (वचन) रूपी पवन से प्रचंड हो रही थी, जलते हुए विभीषण को बचा लिया और उसे अखंड राज्य दिया।
Vibhishan, burning in the fire of Ravan's anger fanned by the fierce wind of his breath, Ram saved, and gave him an everlasting kingdom.
जो संपति सिव रावनहि दीन्हि दिएँ दस माथ । सोइ संपदा बिभीषनहि सकुचि दीन्ह रघुनाथ ॥
jo saṃpati siva rāvanahi dīnhi diem̐ dasa mātha । soi saṃpadā bibhīṣanahi sakuci dīnha raghunātha ॥
शिव जी ने जो संपत्ति रावण को दसों सिरों की बलि देने पर दी थी, वही संपत्ति श्री रघुनाथ जी ने विभीषण को बहुत सकुचाते हुए दी।
The wealth Shiva gave Ravan when he offered his ten heads, that same wealth Raghunath gave Vibhishan, as if shy of giving so little.